ाष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार संगठन को मजबूत करने के लिए ग्राम इकाइयों को मजबूत करना जरूरी

कुशीनगर : राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार कक्का ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए ग्राम इकाइयों को मजबूत करना जरूरी है। बीते 70 वर्षों में देश की सरकारों ने किसानों को सिर्फ लूटने का कार्य किया है।


वे रविवार को कुशीनगर स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित संगठन के अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार से हमारी चार प्रमुख मांग है-स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य दिया जाए, किसानों को पूर्ण कर्ज मुक्त ऋण, फल सब्जी एवं दूध का भी लाभकारी मूल्य निर्धारित किया जाए और सात वर्ष के बाद किसानों को प्रतिमाह 18 हजार रुपये पेंशन दिया जाए। इसके पूर्व प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यदि अमेरिका से भारत 42 हजार करोड़ रुपये कृषि उत्पाद निर्यात का समझौता करता है तो संगठन इसका पुरजोर विरोध करेगा।


राष्ट्रीय महामंत्री नंदकिशोर मिश्र ने कहा कि पूर्वी उप्र अब तक किसान आंदोलन से अछूता रहा है लेकिन अब यह स्थिति बदलने वाली है। कहा कि पूर्वी उप्र अब किसानों व युवाओं के राष्ट्रव्यापी आंदोलन का केंद्र बनेगा। उन्होंने अन्य स्थानीय समस्याओं की भी चर्चा की। राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष रेनू चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री देवनारायण पटेल आदि ने भी संबोधित किया। संचालन अभिमन्यु कोहाड़ व नंदा पांडेय ने किया। जानजोसफ, भगत सिंह, मनमोहन पलिया, लक्ष्मण वांगे, नरेंद्र आर्य, रेवत राम, सचिन महापात्रा, अरूण कानहेरे, नितीन थेराट, अब्दुल कादरी, कमल किशोर, रवि दत्त आदि उपस्थित रहे।